संगठन को कमजोर न करें विधायक पाण्डेयः गुंजन
गदरपुर । भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय के हालिया बयानों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्हें संगठन हित में काम करने की नसीहत दी है। उन्होंने दो टूक कहा कि विधायक को ऐसे बयानों से बचना चाहिए जो पार्टी और संगठन की छवि को धूमिल करते हों या उसे कमजोर करने का प्रयास करते हों। अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए गुंजन सुखीजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अरविंद पांडेय पर हमेशा विश्वास जताया और उन्हें लगातार टिकट देकर सम्मान दिया, लेकिन इसके बावजूद उनके द्वारा बार-बार संगठन को नुकसान पहुंचाने वाले कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक का दोहरा चरित्र इस बात से स्पष्ट होता है कि वे कभी भी कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी नीतियों के खिलाफ खुलकर नहीं बोलते और विपक्षी नेताओं की बयानबाजी पर रहस्यमयी चुप्पी साधे रहते हैं, जबकि अपनी ही भाजपा सरकार के खिलाफ तीखे बयान देने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। प्रदेश मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बचाव करते हुए कहा कि सीएम के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनके खिलाफ किसी भी तरह की अनर्गल और अमर्यादित बयानबाजी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विधायक को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि एक अनुशासित कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि के रूप में उन्हें अपनी मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए और पार्टी की नीतियों के विरु( जाकर कांग्रेस को मजबूती देने का काम बंद करना चाहिए।
