दुकान से सोने की चेन लूटकर भागा आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर । मुख्य बाजार में हरि मंदिर गली स्थित सोनी ज्वेलर्स प्रतिष्ठान से सोने की चेन छीनकर फरार होने की घटना का पुलिस ने अनावरण कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में अभियुक्त को गिरफ्तार कर चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोने की चेन खरीदने के बहाने दुकान में प्रवेश किया गया। आरोपी चेन को गले में पहनकर अचानक मौके से फरार हो गया। इस संबंध में पीड़ित राकेश जड़िया की तहरीर पर थाना रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान थाना रुद्रपुर पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सुरागरसी के आधार पर अभियुक्त अंकित कुमार पुत्र गिरधारी लाल, निवासी ग्राम पदमी, पोस्ट बाली, थाना शीशगढ़, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को मानपुर ओझा रोड, बिलासपुर, जिला रामपुर से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से सोने की चेन बरामद कर ली गयी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में थाना शीशगढ़ एवं थाना ट्रांजिट कैंप में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह खत्री, अपर उप निरीक्षक अमित कुमार,कांस्टेबल हरीश रावत शामिल रहे।
