Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

‘आई लव मोहम्मद’ विषयक जुलूस निकाल रहे लोगों ने की पुलिस कर्मियों की पिटाई,वाहन पर पथराव

काशीपुर(उद संवाददाता)। बांसफोड़ान पुलिस चौकी क्षेत्र के मोहल्ला अल्ली खां में देर शाम बगैर अनुमति ‘आई लव मोहम्मद’ विषयक जुलूस निकाल रहे लोगों में अचानक पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर आक्रोश भड़क उठा। इस दौरान कुछ दंगाइयों ने तोड़फोड़ मारपीट करते हुए पुलिस के वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। चारों ओर अफरा तफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह को मामले की जानकारी मिलने पर वह तत्काल पर्याप्त फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घंटों की अथक मशक्कत के बाद स्थिति काबू में किया। एस पी ने कहा कि शहर का माहौल बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उपद्रव का माहौल पैदा करने वालों में सपा नेता नदीम अख्तर तथा उसके साथियों का नाम चर्चा में है। जानकारी के मुताबिक रविवार की देर शाम बांसफोड़ान पुलिस चौकी क्षेत्र के मोहल्ला अल्ली खां में मुस्लिम समाज के दर्जनों लोगों ने हाथों में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी के साथ जुलूस निकालना शुरू कर दिया। जुलूस निकालने के लिए प्रशासन से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। पता चला है कि पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जब इस बाबत जानकारी लेने का प्रयास किया तो जुलूस में शामिल शरारती तत्वों ने गाली गलौज मारपीट तोड़फोड़ करते हुए पुलिस के वाहनों पर पथराव शुरू कर दिए। मौके पर अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस के अधिकारियों को मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति काबू में कर लिया। शहर का माहौल बिगाड़ने में सपा नेता नदीम अख्तर तथा उसके साथियों का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। उधर दूसरी ओर मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज के आधार पर सूरत शिनाख्त करते हुए पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *