अनियंत्रित होकर पलटी बस,छह यात्री घायल
रामनगर(उद संवाददाता)। नैनीताल जिले के पर्यटन नगरी रामनगर से सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया जब ढिकुली गांव के पास कुमाऊं गढ़वाल मोटर यूनियन की एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में एक दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में छह लोग घायल हो गए जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत रामनगर संयुक्त चिकित्सालय लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार हादसा सुबह लगभग साढ़े सात बजे उस समय हुआ जब यूनियन की बस संख्या यूके 04 पीए 0430 रामनगर से चौखुटिया-जौरासी के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस ढिकुली के तरंगी और मन्नू महारानी रिजॉर्ट के बीच पहुंची तभी सामने से तेज रफ्तार में एक जिप्सी और एक टेंपो आ गया। बस चालक प्रताप सिंह ने दोनों वाहनों को बचाने के प्रयास में बस को साइड में मोड़ा, इसी दौरान बस का अगला पहिया सड़क किनारे कच्चे हिस्से में धंस गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा- तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ी राहत मिली और घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।संयुक्त चिकित्सालय की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ- दीपा ने बताया कि हादसे में घायल छह लोगों में से दो की हालत गंभीर है और उनके हाथ-पांव में फ्ैक्चर जैसी चोटें आई हैं, जिनका उपचार हायर सेंटर में किया जा रहा है, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज रामनगर अस्पताल में जारी है। ड्राइवर प्रताप सिंह ने हादसे की वजह सामने से आ रही तेज रफ्तार जिप्सी और टेंपो को बताया। उनका कहना था कि यदि सीधी टक्कर होती तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। इसी कारण उन्होंने बस को साइड में मोड़ने का प्रयास किया लेकिन संतुलन बिगड़ जाने से बस पलट गई। चालक का दावा है कि हादसा उनकी गलती से नहीं बल्कि सामने से आ रहे वाहनों की लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी रामनगर प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने ओवरस्पीड वाहनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
