हेल्थ एटीएम की सुविधा का जिले के दूरस्थ पांच चिकित्सा केंद्रों में अब मिलेगा लाभ
बागेश्वर। जहां लोग अपने निजी स्वार्थ और लोभ लालच के चलते केवल अपना और अपनों का भला करने की सोचते हैं वही जिले के मूल निवासी और गुजरात राज्य के युवा व्यवसायी और उद्योगपति निज हित के बजाय समाज सेवा के लिए लाखों नही करोड़ो की मदद करने को लगातार हाथ आगे बढ़ा रहे हैं। जनपद की स्वास्थ्य सुविधाओं मेंसुधार और मरीजों को गांवों में ही उचित स्वास्थ सेवा मिले इसके लिए उन्होंने एक और खुशखबरी दी है। जिले के दूरस्थ पांच चिकित्सा केंद्रों में अब हेल्थ एटीएम की सुविधा प्रारंभ होने वाली है। जिले के बमराड़ी निवासी व गुजरात के व्यवसायी भुवन गिरी गोस्वामी द्वारा प्रदत्त पांच हेल्थ एटीएम पांच चिकित्साकेंद्रों में लग चुके हैं। इसके लिए वहां के स्टाफ को प्रशिक्षित कर दिया गया है। बमराड़ी निवासी जमुना-किशन गिरी गोस्वामी के पुत्र भुवन गोस्वामी व गोपाल गोस्वामी गुजरात के प्रमुख व्यवसायी व समाजसेवी हैं। अपने माता-पिता के आदेश पर उनके द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक कार्यों के लिए कार्य किए जाते रहे हैं। कोविड काल में उन्होंने जिला चिकित्सालय में 40 लाख रूपये की धनराशि से आक्सीजन प्लांट का निर्माण किया साथ ही दो सौ आक्सीजन कंस्टेनेटर दान किए थे जिसका अब तक जनपद वासियों को लाभ मिल रहा है। इसके बाद उनके द्वारा गरीब बच्चों को शिक्षा, गरीब कन्याओं के विवाह, आपदा प्रभावितों के लिए भवन निर्माण आदि के कार्य किए जाते रहे हैं।समाज सेवा गरीब वर्ग के असहाय लोगों को कठिन समय मे सहयोग की जरूरत होने पर देवदूत बनकर अपने सहयोगियों द्वारा उन्हें आर्थिक सहयोग भी प्रदान करते हैं।उनके द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में समय समय पर इस तरह के कार्य किए जाते रहे हैं। जमुना-किशन गिरी की पुत्री जनपद की सामाजिक कार्यकर्ता रेखा गोस्वामी के सुझाव पर व जमुना किशन गिरी गोस्वामी ने दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधा के लिए 40लाख रूपये तत्कालीन जिलाधिकारी अनुराधा पाल के अनुरोध पर 16 माह पूर्व कराए जिनमें से पांच हेल्थ एटीएम अब विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध कराए जा चुके हैं। व्यवसायी व सामाजिक कार्यकर्ता भुवन गोपाल गोस्वामी की बहन रेखा गोस्वामी ने बताया कि प्रशासन के माध्यम से प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रवाईखाल, देवनाई, फरसाली, घिंघारतोला व दोफाड़ में हेल्थ एटीएम लगाए जा चुके हैं। साथ ही कंपनी द्वारा यहां के स्टाफ को प्रशिक्षित कर दिया गया है। सीएमओ बागेश्वर डॉ.कुमार आदित्य तिवारीने बताया कि जनपद के निर्धारित स्वास्थ्य केंद्रों में हेल्थ एटीएम स्थापित कर दिए गए हैं। शीघ्र ही इनका जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उदघाटन कराया जाएगा। इनके रख रखाव की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग करेगा, निश्चित ही जिले की स्वास्थ्य सेवा बेहतर करने के लिए गोस्वामी बंधुओ का सहयोग सराहनीय है। स्वास्थ विभाग को दिए गए सहयोग के लिए उनका बहुत बहुत आभार।
क्या है हेल्थ एटीएम ?
हेल्थ एटीएम एक चिकित्सा उपकरण है। इसमें मरीज के रक्त की बूंद डालकर विभिन्न प्रकार के परीक्षण आधे घंटे के भीतर कर दिए जाते हैं। इसके साथ ही इसमें ईसीजी आदि जांचें भी की जाती हैं। जिससे तुरंत मरीज का ईलाज संभव हो सकता है।
