हेलीकॉप्टर से छह घायलों को एम्स ऋषिकेश भेजा : थराली में 150 से अधिक आपदा प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया
देहरादून/चमोली। चमोली जनपद के आपदा प्रभावित थराली क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को पूर्ण अलर्ट पर रखा है। आज स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश पहुंचकर थराली चमोलीआपदा में घायल हुये लोगों से मिला और उनका हालचाल जाना। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने एम्स चिकित्सकों को आपदा में घायल हुये लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिये साथ ही उन्हें किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसका भी ध्यान रखने को कहा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा पीड़ितों के साथ है और उनके उपचार एवं राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा एवं चमोली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता से आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर न केवल घायलों का उपचार किया, बल्कि मानसिक रूप से आहत पीड़ितों की काउंसलिंग भी की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सक दल एवं संसाधन तुरंत भेजे जाएंगे। साथ ही, सीएमओ चमोली को निर्देश दिए गए हैं कि स्थिति सामान्य होने तक ग्राउंड जीरो पर रहकर राहत कार्यों की निगरानी करें। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि वर्तमान में थराली सीएचसी में चार चिकित्सा अधिकारी, छह स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक ड्राइवर एवं एम्बुलेंस सहित जीवनरक्षक दवाओं के साथ टीम सक्रिय रूप से तैनात है। इसके अतिरिक्त, एसडीएच कर्णप्रयाग से दो विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं दो अतिरिक्त 108 एम्बुलेंस को आपदा क्षेत्र में तैनात किया गया है। वहीं पीएचसी देवाल से एक अतिरिक्त चिकित्साधिकारी को भी मौके पर भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से छह घायलों को एम्स )षिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य दो दर्जन से अधिक घायलों का मौके पर उपचार किया गया। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर थराली में भारी बारिश से आए मलबे के बीच राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, एसएसबी व आईटीबीपी की टीमें लगातार कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन तथा जिलाधिकारी चमोली श्री संदीप तिवारी से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाकर भोजन, पानी, चिकित्सा और आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। मुख्य सचिव ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से राहत कार्यों की समीक्षा की और जिलाधिकारी को स्थिति शीघ्र सामान्य करने के निर्देश दिए। सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि इस हादसे में अब तक एक युवती का शव बरामद हुआ है जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री ने युवती के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावितों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राहत व बचाव दल पूरी क्षमता से कार्य कर रहे हैं और सरकार इस कठिन घड़ी में थराली की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।जिलाधिकारी चमोली ने बताया कि करीब 150 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। सतलुज जल विद्युत निगम व जीएमवीएन के विश्राम गृहों को राहत शिविर हेतु अधिकृत किया गया है। हरमनी के पास मार्ग बहाल कर दिया गया है और सुरक्षा की दृष्टि से थराली, देवाल व नारायणबगड़ ब्लॉकों के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।




