जिपं अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के लिए पड़े वोट, नैनीताल में जमकर बवाल
देहरादून/रूद्रपुर/गदरपुर/नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के लिए गुरूवार को वोटिंग हुई। इस दौरान कई जगह हंगामे की खबरें सामने आई। नैनीताल में जमकर बवाल हुआ। वहीं गदरपुर बाजपुर में भी हंगामे के बीच मतदान हो पा। मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ। दोपहर 3 बजे मतदान प्रक्रिया सम्पन्न हुई। नतीजे भी देर शाम तक घोषित हो जाएंगे। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले को छोड़कर शेष 12 जिलों में पंचायत चुनाव हुए हैं। भाजपा पहले ही 5 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष के पद निर्विरोध जीत चुकी है। इसी तरह 17 ब्लॉक प्रमुख भी भाजपा के निर्विरोध बन चुके हैं। प्रदेश भर में ब्लॉक प्रमुख के कुल 84 पद हैं। मतदान एवं मतगणना स्थल से 100 मीटर के अंदर प्रत्याशी, निर्वाचन कर्मी और अधिकृत अधिकारियों को छोड़कर अन्य के प्रवेश पर रोक लगाई गयी है। मतदान स्थल के बाहर लोगों की भारी भीड़ लगी रही। वहीं चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के समर्थक अपने वोटरों को अंतिम समय तक अपने पक्ष में करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाते नजर आये। इस दौरान कई जगह हंगामे की स्थिति भी उत्पन्न हुई।
रुद्रपुर। रूद्रपुर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा की ही दो महिला प्रत्याशियों भाजपा समर्थित ममता जल्होत्र व निर्दलीय राना गौतम के मध्य रिमझिम बरसात के बीच जहां कांटे का संघर्ष दिखाई दिया वहीं ब्लाकॅ कार्यालय मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग से केवल क्षेत्र पंचायत सदस्यों को ही मतदान के लिए प्रवेश करने दिया गया। मुख्य मार्ग पर कई बार दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हंगामे और धक्कामुक्की की नौबत भी आई। जिसे मौके पर मौजूद भारी संख्या में पुलिस बल ने शांत किया और दोनों पक्षों के लोगों को अलग अलग दूर तक भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक कुल 40 मतदाताओं में से लगभग 30 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया जा चुका था। इससे पूर्व आज प्रातः ब्लॉक कार्यालय में मतदान प्रारम्भ होने से पूर्व ही पुलिस प्रशासन द्वारा जहां सुरक्षा के व्यापक प्रबंध कर लिए गये थे तो वहीं काशीपुर रोड़़ हाई वे से ब्लॉक कार्यालय मार्ग पर केवल मतदान के लिए आने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्यों को ही जांच परख के बाद जाने दिया जा रहा था। यहां भारी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात किये गये थे। अनेक बार मतदाताओं के आने पर उन्हें रोकने को लेकर ब्लॉक प्रमुख पद की दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के मध्य कई बार हंगामे और हाथापाई की नौबत आ गई। जिन्हें पुलिस कर्मियों ने अलग अलग कर बमुश्किल शांत कराया। जिसकी कवरेज कर रहे तमाम पत्रकारों को भी पुलिस ने अपना रौब दिखाते हुए पीछे धकेला। यहां तक कि एक पुलिस अधिकारी ने तो पत्रकारों को वहां से दूर चले जाने का भी निर्देश दे दिया और कैमरे के आगे अपना छाता लगा दिया। ब्लॉक प्रमुख की दोनों प्रत्याशियों ने अपनी अपनी जीत का दावा किया है।
गदरपुर। यहां कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लाक प्रमुख पद के लिए वोट डाले गये। ब्लाक प्रमुख पद पर यहां भाजपा की ज्योति ग्रोवर और कांग्रेस की जसविंदर कौर के बीच सीधा मुकाबला है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के सियासी घमासान को देखते हुए आज मतदान स्थल छावनी में तब्दील रहा। समाचार लिखे जाने तक सभी 40 सदस्यों ने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। इस बीच जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने मतदान स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने मतदान एवं मतगणना स्थल से 200 मीटर के अंदर प्रत्याशी निर्वाचन कर्मी और अधिकृत अधिकारियों को छोड़कर कोई प्रवेश नहीं कर सके इस तरह से बेरीकेटिंग लगा दी गई ब्लॉक प्रमुख पद पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के समर्थक भारी बरसात में भी चुनाव परिणाम पर नजरें गड़े हुए नजर आए और जगह-जगह चर्चाओं का बाजार भी गर्म रहा। ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक जसवीर चौहान सहित भारी मात्र में पुलिस बल तैनात रहा।
