August 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उधमसिंह नगर जिले की सियासत में हलचल: 15 सीटों पर सिमटी भाजपा,कांग्रेस समर्थित 12 उम्मीदवारों ने बाजी मारी

रुद्रपुर। प्रदेश में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजों ने उधम सिंह नगर जिले की सियासत में हलचल मचा दी है। जिले की कुल 35 जिला पंचायत सीटों के घोषित परिणामों के अनुसार, भाजपा समर्थित 15 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जिसमें चार निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं, जहां पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार ना उतारकर उन्हें समर्थन दिया था। जबकि कांग्रेस समर्थित 12 उम्मीदवारों ने बाजी मारी। इसके अलावा, 8 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर राजनीतिक समीकरणों को और भी रोचक बना दिया है। अब जबकि विजयी प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो चुकी है, जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर विभिन्न दलों और निर्दलीयों के बीच जोड़तोड़ और समीकरण बैठाने का दौर शुरू हो गया है। सूत्रें की मानें तो भाजपा की ओर से भंगा सीट से निर्दलीय रूप में जीत दर्ज करने वाली रेनू गंगवार को अध्यक्ष पद के लिए आगे किया जा सकता है। रेनू गंगवार पूर्व में भी जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं और पार्टी में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। उधर, कांग्रेस खेमे में बाजपुर क्षेत्र के प्रभावशाली शर्मा परिवार से किसी सदस्य को अध्यक्ष पद का दावेदार बनाया जा सकता है। कांग्रेस के पास भले ही भाजपा से कम सीटें हों, लेकिन निर्दलीयों के समर्थन से समीकरण उसके पक्ष में भी बन सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए घमासान बेहद दिलचस्प रहने वाला है, क्योंकि किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है और निर्दलीय उम्मीदवार किंगमेकर की भूमिका में नजर आ सकते हैं। अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग की ओर से घोषित होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव कार्यक्रम पर टिकी हैं, जिसके बाद ही आगे की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। चुनावी समीकरण ने यह साफ कर दिया है कि आगामी कुछ दिन उधम सिंह नगर की जिला पंचायत राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण और हलचल भरे रहने वाले हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *