Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केन्द्रीय मंत्री पाटिल से मिले धामी

देहरादून(उद संवाददाता)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। अपने दौरे के दूसरे दिन उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की है। इस दौरान कई मुद्दों को लेकर बातचीत की। बता दें कि बीती रोज यानी 14 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान उनके बीच नंदा देवी राजजात यात्रा के साथ हरिद्वार में लगने वाले अर्ध कुंभ मेले को लेकर चर्चा हुई। सीएम धामी ने इसको लेकर बजट मांगा तो पीएम को उत्तराखंड आने का न्योता भी दिया। वहींमंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री चंद्रकांत रघुनाथ पाटिल और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से उनकी मुलाकात उत्तराखंड में नई विद्युत परियोजनाओं को लेकर हुई। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सीएम धामी ने उत्तराखंड की 21 जल विद्युत परियोजनाओं में 5 विद्युत परियोजना के जल्द शुरुआत करने को लेकर केंद्र से मदद मांगी है। जिस पर मंत्री पाटिल ने भी उत्तराखंड की इस मांग को जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही है। इसके साथ ही सीएम धामी ने ओम बिरला से भी मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को सीएम पुष्कर धामी ने चारधाम यात्रा का प्रसाद दिया और उत्तराखंड के उत्पाद देकर उनकी विशेषताएं भी बताई। सीएम धामी ने स्पीकर बिरला से कहा है कि उत्तराखंड के उत्पादों और यहां के पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए राज्य के साथ केंद्र व लोकसभा को भी आगे आना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *