Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर में आयोजित होने जा रहे ग्राउंडिंग सेरेमनी को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिये दिशा निर्देश

विशेष आयोजन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे
देहरादून(उद संवाददाता)। उत्तराखंड के औद्योगिक भविष्य को नई उड़ान देने जा रहा एक ऐतिहासिक क्षण अब निकट है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार सुबह अपने शासकीय आवास पर आयोजित प्रातःकालीन बैठक में अधिकारियों को रुद्रपुर में प्रस्तावित एक लाख करोड़ रुपये की ग्राउंडिंग सेरेमनी के आयोजन को भव्य और प्रभावशाली बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से न केवल उत्तराखंड के विकास की नई इबारत लिखी जाएगी, बल्कि यह राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी खोलेगा। इस विशेष आयोजन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के बतौर मुख्य अतिथि के रूप में आगमन की पुष्टि हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह का उत्तराखंड आगमन प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है और यह राज्य को आत्मनिर्भरता तथा औद्योगिक समृद्धि की ओर तेजी से ले जाने में सहायक होगा। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन में प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर सशक्त तरीके से प्रस्तुत किया जाए, जिससे निवेशकों का विश्वास और अधिक गहराए। गौरतलब है कि पिछले वर्ष आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में राज्य सरकार को रिकॉर्ड 3-5 लाख करोड़ रुपये के एमओयू प्राप्त हुए थे। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इनमें से एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं अब जमीन पर उतरने की स्थिति में हैं, और इसी ग्राउंडिंग सेरेमनी के माध्यम से उनकी शुरुआत की जाएगी। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि उत्तराखंड की पहचान एक नए औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगी। साथ ही, इससे स्थानीय उत्पादकता, व्यापार और बुनियादी ढांचे में भी व्यापक सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार, एकल खिड़की व्यवस्था और तेजी से अनुमोदन की प्रक्रियाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री की बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *