Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मंत्रिमण्डल विस्तार पर आज लग सकती है मोहर : मुन्ना सिंह चौहान, मदन कौशिक, विनोद चमोली, बिशन सिंह चुफाल, खजान दास, बंशीधर भगत और अरविंद पांडेय का नाम शामिल !

देहरादून (उद संवाददाता)।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रात दिल्ली प्रवास पर रहेंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री पार्टी के बड़े नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। सीएम के दिल्ली दौरे की खबर मिलने के बाद से एक बार फिर कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार पर आज अंतिम चर्चा हो सकती है। नवरात्रि में कैबिनेट विस्तार होने की संभावना है। मुख्यमंत्री धामी मंगलवार को ओडिशा पहुंचे हैं और दोपहर बाद दिल्ली लौट आएंगे। रात्रि विश्राम वह दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में करेंगे। उनके दिल्ली प्रवास को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर फिर से चर्चा प्रारंभ हो गई है। बता दें कैबिनेट विस्तार के लिए पार्टी और सरकार दोनों को माथापच्ची करनी पड़ रही है। दरअसल इस बार पार्टी और सरकार को राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने के साथ-साथ प्रेमचंद अग्रवाल के प्रकरण से उपजी नाराजगी को भी थामना होगा। वहीं सियासी गलियारों में धामी कैबिनेट में शामिल होने वाले नामों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। इन नामों में मुन्ना सिंह चौहान, मदन कौशिक, विनोद चमोली, बिशन सिंह चुफाल, खजान दास, बंशीधर भगत और अरविंद पांडेय का नाम शामिल हैं। मंत्रिमंडल में पांच मंत्री पद रिक्त चल रहे हैं, जिन्हें भरा जाना है। साथ ही मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल की संभावना है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने दिल्ली दौरे में भाजपा में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत अन्य नेताओं से भेंट की थी। यही नहीं, इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संकेत दिए थे कि मंत्रिमंडल विस्तार के लिए उपयुक्त समय है और यह होना तय है। अब मुख्यमंत्री फिर से दिल्ली पहुंच रहे हैं तो मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा तेज होने लगी है। माना जा रहा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री धामी पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में अंतिम दौर की चर्चा कर सकते हैं। वही दिल्ली में मौजूद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नवरात्र में मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिये हैं। फिलहाल जल्द ही साफ हो जायेगा कि हाईकमान किन नामों पर अपनी मुहर लगाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *