February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नव वर्ष 2025 के स्वागत के लिए औली में छाया उत्साहः थर्टी फर्स्ट मनाने कौसानी पहुंचे सैलानी

चमोली। उत्तराखंड में नव वर्ष 2025 के स्वागत के लिए पर्यटकों का आगमन जारी है। पर्यटकों के साथ स्थानीय हिल स्टेशनों में पहुंच रहे पर्यटकों में भारी उत्साह छाया हुआ है। राज्य सरकार ने 24 घंटे होटल और रेस्टोरेट खोलने के निर्देश दिये हैं। जबकि जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किये जा रहे है। वहीं र्थटी फस्ट और नए साल का जश्न मनाने के लिए औली आने वाले पर्यटक अपने वाहनों को औली नहीं ले जा पाएंगे। उन्हें ज्योतिर्मठ के रविग्राम मैदान से स्थानीय टैक्सियों के जरिए औली भेजा जाएगा। ज्योतिर्मठ- औली सड़क पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए तहसील प्रशासन ने नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। यह प्लान 30 दिसंबर से लागू हो जाएगा।नए साल का जश्न मनाने के लिए औली में भारी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं लेकिन सड़क संकरी होने और जगह-जगह बर्फ होने से जाम लग जाता है। इससे निपटने के लिए जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने ज्योतिर्मठ एसडीएम को नया ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए थे। एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने तहसील में रविवार को टैक्सी यूनियन, पुलिस और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक प्लान तैयार किया। एसडीएम ने बताया कि पर्यटकों को टैक्सी से औली भेजा जाएगा। इसके लिए किराये की दर निर्धारित कर दी गई है। 2500 रुपये एक दिन का आने जाने का किराया निर्धारित है जबकि एक तरफ का 1500 रुपये निर्धारित है। एक वाहन में पांच सवारी सफर करेंगी। यह प्लान 30 दिसंबर से लागू कर दिया जाएगा। पर्यटकों के वाहनों को रविग्राम मैदान में खड़ा किया जाएगा। एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि औली रोड पर अधिक वाहन जाने से जाम लगता है। इसलिए यह प्लान तैयार किया है। चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ट्रेकिंग को रोका गया है साथ ही पर्यटकों व स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने व अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है। डिफेंस जियोइंफोर्मेटिक्स रिसर्च एस्टेब्लिसमेंट डीजीआरआई चंडीगढ़ की ओर से चमोली के 3000 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्र में हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट डेंजर लेवल-3 24 घंटे तक के लिए जारी किया है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने जिला स्तर पर जल विद्युत परियोजना कंपनी के साथ ही स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने अलर्ट में कहा कि हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में निर्माणाधीन परियोजनाओं में कार्यरत कार्मिकों एवं मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। हिमस्खलन से नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए परियोजनाओं में सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। वन व पुलिस विभाग को मौसम अनुकूल होने पर ही ट्रेकिंग दलों को अनुमति देने के लिए कहा गया है। वहीं पुलिस ने आपदा प्रबंधन टीमों को सक्रिय कर लिया है। विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस तैनात कर दी गई है।

मिनी स्विजरलैंड के नाम से विश्वविख्यात कौसानी पर्यटकों से गुलजार
नैनीताल/कौसानी। नए साल के नजदीक आने के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। नव वर्ष के जश्न को हजारों पर्यटक पहाड़ों पर पहुंचने लगे हैं। सरोवर नगर नैनीताल समेत सिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के मंदिर कैंची धाम में भी आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। ऐसे में हाईवे पर जाम लगना शुरू हो गया है। यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए हाईवे पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की गई है। वाहनों की संख्या में भारी इजाफा हो गया। कैंची धाम में भी हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे है। वहीं कुमाऊ क्षेत्र का प्रमुख पर्यटक स्थल और मिनी स्विजरलैंड के नाम से विश्वविख्यात कौसानी थर्टी फर्स्ट के मौके पर पर्यटकों से गुलजार हो गया है। साल के अंतिम दिवस को विदाई देने के लिए सैकड़ो पर्यटक कौसानी पहुंचे है।जहां पर्यटक परिवार के साथ गांधी जी अनाशक्ति आश्रम सहित हिमालय की सुरम्य वादियों का लुत्फ उठा रहे हैं।वही कौसानी में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटल संचालको द्वारा भी पर्यटकों के लिए विशेष ऑफर चलाया गया है।वही जिला पंचायत कौसानी के गेस्ट हाउस में आए पर्यटकों के लिए होटल संचालक पूरन सिंह दोसाद ने पर्यटकों को हिमालय का दीदार कराने के लिए अत्याधुनिक डिजिटल दुरबीन लगाई है।जिससे पर्यटकों को आसानी से प्रकृति की अनुपम छटा को नजदीकी से देखने का मौका मिल रहा है।वही गेस्ट हाउस में आए पर्यटकों के लिए थर्टी फर्स्ट के मौके पर नव वर्ष की पूर्व संध्या पर सुबह का नाश्ता निशुल्क प्रदान किया जा रहा है।वही कौसानी में सैलानियों की संख्या बढ़ने से होटल व्यवसाइयों में भी खुशी की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *