Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी

हरिद्वार ।कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगायी। हरकी पैड़ी श्रद्धालुओं से खचाखच भरी नजर आई। कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक दृष्टि से काफी महत्व माना जाता है। मान्यता है कि कार्तिक मास में पड़ने वाले स्नान पर्व को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है क्योंकि इस दिन देवता धरती पर स्नान के लिए आते हैं। इसी के चलते हरिद्वार में आधी रात से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। ब्रम्ह मुहुर्त से ही श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पहुंचकर स्नान करना शुरू कर दिया। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु हरकी पैड़ी ब्रह्म कुंड के अलावा मालवीय घाट, सुभाष घाट, प्रेम नगर आश्रम समेत विभिन्न गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगाते दिखे। हालांकि चंद्रग्रहण का सूतक लगने की वजह से मंदिरों के कपाट बंद रहे।श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद मंदिरों में पूजा अर्चना नहीं कर पाये। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से अपर रोड समेत हरकी पैड़ी क्षेत्र के बाजारों में खासी चहल- पहल दिखी। रेलवे स्टेशन और बस अîóा पर भी आम दिनों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ रही। हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हरकी पैड़ी की प्रबंधकारिणी संस्था श्री गंगा सभा के अलावा पुलिस की ओर से इंतजाम किए गए थे। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट है। पूरे मेला क्षेत्र को नौ जोन और 33 सेक्टरों में बांटते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार चेकिंग अभियान जारी रहा। बम निरोधक दस्ते की दो टीम श्वान दल के साथ तैनात रहे।घुड़सवार पुलिस की भी व्यवस्था की गई थी। वहीं अभिसूचना इकाई के 20 अधिकारी कर्मचारी भी मुस्तैद रहे। वहीं श्रद्धालुओं के डूबने की घटनाओं पर रोकथाम के लिए मुख्य स्नान घाटों पर जल पुलिस जवान, गोताखोरों के साथ ही एक प्लाटून फ्लड कंपनी बोट के साथ तैनात रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *