Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जन्म दिन पर सीएम धामी ने दी बड़ी सौगात: 2022 तक प्रतियोगी परीक्षाओं का आवेदन शुल्क माफ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टपकेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्म दिन पर युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने मार्च 2022 तक प्रदेश में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का आवेदन शुल्क माफ करने का ऐलान किया। कहा कि राज्य लोक सेवा आयोग समेत अन्य भर्तियों के लिए आने वाले फार्म भरने पर युवाओं को कोई फीस नहीं चुकानी होगी। इससे पूर्व आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्म दिन की शुरूआत टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। उन्होंने कहा कि हमारे आराध्य देव भगवान भोलेनाथ सभी प्रदेशवासियों की मंगलकामनाओं को पूर्ण करें और प्रदेश को नित नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अपना आशीर्वाद बनाकर रखें।बाद में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय दृष्टिबाधित दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में दृष्टिबाधित बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि संस्थान में बच्चों को स्कूल बस की व्यवस्था की जाएगी एवं 10 कम्प्यूटर दिए जायेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वृक्षारोपण किया एवं दृष्टिबाधित बच्चों को मिष्ठान वितरण भी किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैं आज बच्चों के बीच आकर अभिभूत हूं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा की संकल्प शक्ति एवं इच्छा शक्ति दो ऐसी शक्तियां हैं, इनसे हम सब कुछ प्राप्त कर सकते हैं। जिन लोगों ने भी इतिहास बनाया है, वे साधारण परिस्थितियों में अपनी इच्छा और संकल्प शक्ति से बुलंदियों तक पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री धामी अपने जन्म दिन पर बाल वनिता आश्रम भी पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री ने अपना जन्मदिन ऐसे बच्चो के साथ मनाया जो किसी न किसी कारण से अपने माता पिता को खो चुके हैं। मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि पिछले साल ही उनके पिता का देहांत हुआ है। वहीं बिना पिता के कैसे वो अपना सामाजिक और राजनीतिक जीवन जी रहे हैं, यह उनको ही पता है। ऐसे में उनके मन में पहले से था की वो अपना जन्मदिन ऐसे बच्चों के साथ मनाएंगे, जो अपने माता पिता को खो चुके हैं। अनाथ आश्रम के बच्चों ने एक सुर में प्रदेश के सीएम पुष्कर सिंह धामी की जन्मदिन विश किया। बच्चों ने ताली बजाते हुए एक सुर में कहा- हैप्पी बर्थ डे पुष्कर मामा। सीएम ने बच्चों को खुद अपने हाथों से केक और मिठाई खिलाई। साथ ही सीएम ने कई बच्चों को तो गोद में लेकर लाड प्यार भी किया। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास,जिलाधिकारी देहरादून डाॅ.आर राजेश कुमार एवं एसएसपी जन्मेजय खंडूरी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *