February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अगवा की गयी किशोरी बरामद, आरोपी गिरफ्तार

काशीपुर(उत्तरांचल दर्पण संवाददाता)। कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर दुर्गापुर से बहला-फुसलाकर अगवा की गई एक किशोरी को पुलिस टीम ने सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जरूरी पूछताछ के बाद आज उसे जेल रवाना कर दिया। ज्ञातव्य है कि थाना क्षेत्र से कुछ दिन पूर्व एक युवक द्वारा किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया। किशोरी के भाई द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीते 22 जुलाई को आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। थाना अध्यक्ष विनोद फत्र्याल के नेतृत्व  में गठित पुलिस टीम की अगुवाई कर रही महिला एसआई सीमा कोहली ने  गायब किशोरी का जब सुराग लगाना शुरू किया तो कड़ी दर कड़ी जुड़ती चली गई।  सर्विलांस के सहारे मोबाइल की लोकेशन मध्य प्रदेश मिलने  पर पुलिस टीम ने मौके की और कूच किया। यहाँ पुलिस टीम ने एक मकान की घेराबंदी कर बुरावली, थाना जोरा, जिला मुरैना मध्यप्रदेश निवासी आरोपी संजय पुत्र श्री लाल को दबोचते हुए अगवा की गई किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बरामद किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही आरोपी से जरूरी पूछताछ के बाद आज उसे जेल रवाना कर दिया। किशोरी को बरामद करने वाली पुलिस टीम में महिला एसआई सीमा कोहली कांस्टेबल अवधेश कुमार व राज भानु शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *