October 22, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दहेज में पांच लाख नहीं मिलने पर विवाहिता का कराया गर्भपात

रूद्रपुर(उत्तरांचल दर्पण संवाददाता)। दहेज में पांच लाख रूपये की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता का उत्पीड़न शुरू करते हुए उसका जबरन गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई पीड़िता ने अब मामले में एसएसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की गुहार लगायी है। ग्राम सीतापुर थाना गदरपुर निवासी सविता ने एसएसपी को प्रेषित ज्ञापन में कहा है कि उसका विवाह 20  फरवरी 2020 को ईसाई धर्म के अनुसार ग्राम टोपा बाजपुर निवासी युवक से हुआ। विवाह में परिवार वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया। लेकिन इससे ससुराल वाले खुश नहीं हुए और शादी के कुछ समय बाद ही पांच लाख रूपये देने की मांग करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले अकसर मारपीट करने लगे। इसी बीच जब वह गर्भवती हो गयी तो ससुराल वाले पांच लाख रूपये की मांग पूरी नहीं होने पर गर्भपात कराने की धमकी देने लगे। विवाहिता ने बताया कि 29 जून को उसका पति सास और ननद उसे चेकअप कराने के बहाने बाजपुर में एक नर्स के पास ले गये। वहां से उन्होंने कुछ दवाईयां दिलाई और उन दवाईयों को जबरन खाने के लिए दबाव बनाने लगे। सविता का कहना है कि ससुराल वालों ने मारपीट करते हुए उसे जबरन दवाएं खिला दी जिससे उसकी तबियत बिगड़ गयी। बाद में 1 जुलाई को उसी नर्स के पास बाजपुर ले जाकर उसकी मर्जी के बिना गर्भपात करा दिया। किसी तरह उसने इस बात की जानकारी अपने मायके वालों को दी तो वे ससुरालियों के चंगुल से छुड़ाकर उसे घर ले आये। पीड़िता का कहना है कि उसने घटना की सूचना गदरपुर पुलिस को दी पुलिस ने गदरपुर सरकारी अस्पताल और रूद्रपुर जिला अस्पताल  में उसका मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट में भी गर्भपात कराये जाने की पुष्टि हो चुकी है। लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़िता ने एसएसपी से ससुरालियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगायी है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *