February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गुरनाम सिंह के हत्यारों के करीब पहुंची पुलिस

गुरनाम सिंह के हत्यारों के करीब पहुंची पुलिस
गदरपुर। बीती 10 जून को गांव के पास जंगल के किनारे खेतों में सड़ी गली अवस्था में मिले 23 वर्षीय युवक गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू के शव की गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हासिल हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू की गला घोट कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने मामले की बारीकी से छानबीन करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि पुलिस के हाथ गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू की हत्या करने वाले आरोपियों के गले तक पहुंच चुके है। जैसा की विदित हो कि ग्राम कलकत्ता निवासी 23 वर्षीय गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू पुत्र करनैल सिंह बीती 8 जून को प्रातः 5ः00 बजे घर से निकला था और देर शाम तक घर नहीं लौटा था। परिजनों द्वारा उसकी खोजबीन की गई लेकिन कोई पता नहीं चला तो मंगलवार को गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू के भाई गुरमेज सिंह द्वारा गदरपुर पुलिस को तहरीर सौंप कर अपने भाई गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू के घर से जाने के दौरान गुमशुदा हो जाने की तहरीर सौंपी गई थी। बुधवार 10 जून की सुबह करीब 6ः00 बजे गांव के पास जंगल के किनारे खेतों में ग्रामीणों को गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़ी गली अवस्था में मिला था जिसके पैर बंधे हुए थे। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम द्वारा गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया था जिसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू की मौत का कारण गला घोंटा जाना पाया गया था। गुरनाम सिंह और गुड्डू के परिजनों ने भी उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी क्योंकि गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू के पैर रस्सी से बंधे हुए थे। मृतक गुरनाम सिंह का 2 वर्ष पूर्व गांव में ही रहने वाली जसविंदर कौर के साथ विवाह हुआ था। थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह ने मृतक गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू की गला दबाकर की गई हत्या के मामले के जल्द से जल्द खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगा कर मामले की हर बिंदु पर गहनता से छानबीन कराई गई है जिसके परिणाम स्वरूप पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हासिल करने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि जल्द ही गुरनाम सिंह उर्फ गुड्डू हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *