Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अवैध शराब बेचने वालों की होगी सम्पत्ति कुर्कःएसएसपी

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। अवैध शराब माफियाओं पर अब पुलिस प्रशासन का शिकंजा और कसा जायेगा। एसएसपी वरिंदरजीत सिंह ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दे दिये हैं कि जो भी अवैध शराब बेचने में लिप्त पाया गया उसके खिलाफ पहले गैंगस्टर की कार्रवाई की जायेगी और यदि उसके बाद भी वह नहीं सुधरा तो उसकी सम्पत्ति कुर्क की जायेगी। उन्होंनें कहा कि पूर्व में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सिर्फ मुकदमा दर्ज होता था और वह तत्काल छूटने के बाद फिर अवैध शराब बेचने में सक्रिय हो जाते थे। अब उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जायेगी और उसके बाद उनकी सम्पत्ति कुर्क कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि जितने भी गैंगस्टर हैं उनका सत्यापन किया जायेगा। जमानत के बाद वह किन कार्यों में लिप्त हैं इसकी जांच की जायेगी। एसएसपी ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर अब लाउडस्पीकर प्रतिबंधित किया जायेगा और जितने भी धार्मिक स्थल हैं उनमें लाउडस्पीकर की आवाज सिर्फ उतनी ही सुनिश्चित की जायेगी कि वह आवाज सिर्फ धार्मिक परिसर तक ही रहे। इसके अलावा एक अभियान चलाकर उन लाउडस्पीकरों को प्रतिबंधित किया जायेगा जो ठेलियों व अन्य स्थानों पर खुलेआम प्रयोग किये जाते हैं। एसएसपी ने कहा कि इसके लिए सीसी टीवी लगाये जायेंगे और पूरे जिले में वृहद रूप से अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि 1 दिसम्बर से आपरेशन स्माइल व आपरेशन शिनाख्त अभियान चलाया जायेगा जिसमें गुमशुदा बच्चों,ं पुरूषों व बच्चों को तलाश किया जायेगा। जनपद स्तर पर एक अपर पुलिस अधीक्षक व शेष जनपदों में पुलिस उपाध्यक्ष को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जायेगा साथ ही अन्य टीमों की नियुक्ति की जायेगी। अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए भी टीम नियुक्त की जायेगी। एंटी हृयूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को भी अभियान में शामिल किया जायेगा। उन पुलिसकर्मियों को इसमें सम्मिलित किया जायेगा जो भावनात्मक रूप से इस अभियान को सफल बनायें और उन्हें सम्मानित किया जायेगा। जनपद में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित कर इस संबंध में जानकारी दी जायेगी। शेल्टर होम, ढाबों, कारखानों, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। गुमशुदाओं े बरामद होने पर उनकी सुपुर्दगी और पुनर्वास के सम्बन्ध में नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। बच्चों,महिलाओं व पुरूषों के संबंध में अपराध घटित होने कीजानकारी मिलने पर कठोर कार्रवाई की जायेगी। बरामद गुमशुदाओं का विवरण आपरेशन स्माइल के व्हाटसऐप ग्रुप में लोड किया जायेगा। नोडल अधिकारी इसकी समीक्षा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *