Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गोदाम में आग लगने से लाखों की क्षति

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। आज दोपहर ग्राम शिमला बहादुर स्थित किराना एवं मोटर पार्टस के गोदाम में अज्ञात कारणों से लगी आग से लाखों रूपये का सामान नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घंटो मशक्कत के पश्चात आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार ग्राम रामेश्वरपुर लालपुर निवासी जीत सिंह पुत्र ज्ञान सिंह का ग्राम शिमला बहादुर में भवन है। जिसमें कई दुकाने बनी है। बताया जाता है कि जीत सिंह की एचडी इंटरप्राईजेस नाम से दुकान है। जिसमें वह मोटर पार्टस का कारोबार करता है। जबकि उसके साथ किरायेदार के रूप में फिरोज की फिरोज किराना स्टोर नाम से दुकान है। भवन के बेसमेंट में बड़ा गोदाम बनाया गया हैं जिसमें उक्त दोनों प्रतिष्ठानों का लाखों रूपये का सामान रखा हुआ है। आज दोपहर गोदाम से धुआं निकलते देख हड़कंप मच गया। धीरे धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पार्षद सुरेश गौरी समेत भारी संख्या में लोगों ने मौके पर गोदाम से किसी तरह सामान निकालना शुरू किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग के कई वाहन भी आ पहुंचे और उन्होंने आग बुझाने का काम शुरू किया। बेसमेंट के गोदाम में अंधेरे के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी आ रही थी। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रतिष्ठान स्वामी जीत सिंह व फिरोज ने बताया कि अग्निकांड की इस घटना में लाखों रूपये का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *