Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून (उद संवाददाता)। कीर्तिनगर-सिल्काखाल मोटर मार्ग पर उलाणा के समीप मंगलवार रात एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कार चालक की पत्नी और साली की 10 माह की बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि कार चालक और साली की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना में एकमात्र सुरक्षित बचे कार चालक के बेटे को उपचार के लिए बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना का शिकार परिवार सरकासैंण से शादी में शामिल होकर अपने गांव बंदासा लौट रहा था। सिल्काखाल मोटर मार्ग पर मंगलवार रात करीब आठ बजे उलाणा के समीप एक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर नीचे खाई में लुढ़क गई। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने एसडीआरएफ और कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस को मौके पर जाने को कहा। कोतवाल कीर्तिनगर जवाहर लाल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार में चालक सुनील शाह (33) पुत्र सुरजन सिंह निवासी बंदासा गांव कीर्तिनगर का परिवार और रिश्तेदार सवार थे।सुनील की पत्नी कोमल (28) और साली पूनम की बेटी अंशिका (10 माह) ने मौके पर दम तोड़ दिया। घटनास्थल में घायल मिले सुनील, बेटे साहिल (8 साल) और साली पूनम (26) पत्नी संजय को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल भेजा गया। वहीं श्रीकोट चैकी के एसआई पीएस बुटोला ने बताया कि सुनील और पूनम ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। जबकि साहिल का उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *