Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चारा काटने गए व्यक्ति की नदी में डूबकर मौत

गदरपुर(उद संवाददाता)। शनिवार की दोपहर घर से जानवरों के लिए चारा काटने गए व्यक्ति की नदी में डूबकर मौत हो गई। रविवार की सुबह उसका शव बांस की झाड़ियों में अटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मजरा शीला पावर हाउस कालोनी निवासी 45 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र भगवान सिंह शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे जानवरों के लिए चारा लेने घर के पास में ही बहने वाली नाहल नदी के किनारे गया था। देर शाम तक जब महेंद्र सिंह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने नदी के किनारे एवं आसपास के क्षेत्र में महेंद्र सिंह की खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। देर सांय पुलिस ने ग्राम मजरा शीला पावर हाउस कालोनी पहुंचकर महेन्द्र सिंह की खोजबीन की लेकिन अंधेरा होने की वजह से उन्होंने रविवार की सुबह महेन्द्र सिंह की खोजबीन करने की बात कही। रविवार की सुबह करीब 11 बजे महेंद्र सिंह की खोज में गये ग्रामीणों को बांस की झाड़ियों में एक शव पानी में उतराता हुआ मिला जिसकी शिनाख्त महेंद्र सिंह के रूप में हुई। महेंद्र सिंह की पानी में डूबकर मौत हो चुकी थी। सूचना परिजनों को मिली तो उन में कोहराम मच गया। परिजन महेन्द्र सिंह के शव को घर ले आये। इस बीच महेन्द्र सिंह का शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक मदन सिंह बिष्ट एवं विनय मित्तल द्वारा मृतक महेन्द्र के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक महेंद्र सिंह अविवाहित था और अपने पीछे विधवा मां अमरजीत कौर के अलावा दो विवाहित भाई बलकार सिंह और परविंदर सिंह के परिवार को छोड गया है। इधर, नाहल नदी के किनारे चारा लेने गये महेन्द्र सिंह की पानी में डूबकर हुई मौत की जानकारी मिलने पर हल्का पटवारी सुरजीत सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पडताल की। ग्रामीणों ने मृतक महेन्द्र सिंह के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाये जाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *