February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हादसे में दो युवकों की मौत,एक गंभीर

रुद्रपुर। आज प्रातः किच्छा मार्ग पर ट्रक एवं मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने सामने की भिड़ंत में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की मौत हो गयी जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम भरोनी बहेड़ी निवासी सचिन पुत्र तेजपाल, धर्मेन्द्र पुत्र छत्रपाल व ग्राम मनकापुर बहेड़ी निवासी अनिल पुत्र रामधुन वाल्टेक फैक्ट्री में काम करते थे। आज प्रातः तीनों युवक बहेड़ी से बाइक संख्या यूपी-25बीपी/ 0940 पर सवार होकर फैक्ट्री के लिए रवाना हुए। जब वह किच्छा मार्ग पर राधा स्वामी सत्संग के करीब पहुंचे तो सामने की ओर से तीव्र गति से आते ट्रक संख्या पीबी23ई/ 6290 से बाइक की भिड़ंत हो गयी। दुर्घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गयी। तीनों घायलों को लोेगों की मदद से उपचार के लिए निजी वाहन से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने बाइक चला रहे धर्मेन्द्र को मृत घोषित कर दिया जबकि सचिन व अरविंद की हालत भी काफी चिंताजनक थी। चिकित्सकों ने सचिन की हालत बेहद चिंताजनक देखते हुए उसे रेफर कर दिया। सचिन ने हल्द्वानी ले जाते समय मार्ग में दम तोड़ दिया। जबकि अरविंद को उपचार के लिए चिकित्सालय भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों के साथ ही घायल व मृतकों के परिजन जिला चिकित्सालय आ पहुंचे जहां धर्मेन्द्र व सचिन के शव देख उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने घायल अरविंद से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। परिजनों का कहना है कि मृतक धर्मेन्द्र का डेढ़ वर्ष पूर्व ही विवाह हुआ था और उसकी एक मासूम बेटी है। वह दो भाईयों में बड़ा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं प्रातः नैनीताल मार्ग पर सिडकुल चैराहा के समीप बाइक एवं कार के बीच हुई भिड़ंत में सिडकुल फैक्ट्री कर्मी प्रेम प्रकाश पुत्र पहलू राम गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। मामले की जानकारी मिलने पर फैक्ट्री के अधिकारी जिला चिकित्सालय पहुंचे। घायल श्रमिक को उपचार के लिए अन्यत्र रेफर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *