August 29, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार श्रमिक की दर्दनाक मौत

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। शनिवार प्रातः किच्छा मार्ग पर बाईक पर सवार होकर सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम समाप्त कर घर वापस लौट रहे श्रमिक को मार्ग में अज्ञात कन्टेनर चालक ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर श्रमिक को चिकित्सालय भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम चुराई थाना मीरगंज बरेली निवासी 40 वर्षीय किशन पाल पुत्र महेशपाल यहां ट्रांजिट कैम्प के मौहल्ला शिवनगर में परिवार सहित रहता था और सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था। बताया जाता है कि किशन पाल आज प्रातः ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाईक से घर वापस लौट रहा था। किच्छा मार्ग पर तेज गति से जाते अज्ञात कन्टेनर चालक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी और वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस घटना में किशन पाल गंभीर रूप से घायल होकर वहीं पर ही बेसुध हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशन पाल को चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी, एक पुत्री व एक पुत्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *