Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मैक्स अस्पताल के 33 लोग कोरोना पाॅजिटिव

मैक्स अस्पताल के 33 लोग कोरोना पाॅजिटिव

नई दिल्ली(उद ब्यूरो)। राजधानी दिल्ली में पटपड़गंज इलाके के मैक्स अस्पताल में डाॅक्टर समेत 33 लोग कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने पूरे मेडिकल स्टाफ का कोरोना टेस्ट कराने का फैसला किया था। जिसके बाद अब तक 33 हेल्थ केयर स्टाफ कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।  संक्रमित हुए मेडिकल स्टाफ के सभी सदस्यों को साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बता दें कि पटपड़गंज के मैक्स अस्पताल में कोरोना वायरस का इलाज नहीं होता है और ना ही यहां का स्टाफ कोरोना ट्रीटमेंट में लगा था। वहीं, दिल्ली के जहांगीरपुरी में दिल्ली सरकार के बाबू जगजीवन राम सरकारी अस्पताल के 19 और कर्मचारियों में रविवार को कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 59 हो गई है। अस्पताल को रोगियों के लिए अगले तीन दिन तक बंद रखा गया है। अस्पताल में संक्रमित हुए 59 लोगों में 11 डाॅक्टर शामिल हैं। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के 293 ताजा मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,918 हो गई। दिल्ली में दूसरी बार आज कोविड-19 के संक्रमण के सर्वाधिक मामले सामने आए हैं। रविवार को आठ मरीजों के ठीक होने के साथ ही अब तक 877 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि 1,987 मरीजों का इलाज चल रहा है।  स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब देश में संक्रमितों की संख्या 27 हजार 892 हो गई है। वहीं, अबतक 872 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि 6 हजार 185 लोग ठीक भी हुए हैं। सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज और मौत के मामले महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *