Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लाखों की चोरी का खुलासा,दो दबोचे

रूद्रपुर । रम्पुरा में बीते दिनों हुई लाखों की चोरी और दो बाइकों की चोरी के मामले में पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार कर चोरी हुए सोने चांदी जेवर, नगदी के अलावा चोरी की दो बाइकें बरामद की है। बता दें 11 दिसंबर की रात्रि अज्ञात चोरों ने रम्पुरा निवासी उमेश पुत्र रामकुमार निवासी के घर में घुसकर सोने चांदी के जेवरात तथा नगदी समेत लाखों का माल चोरी कर लिया था। मामले में उमेश कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक अंबी राम आर्य को सौंपी गयी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले मोहित कोली उर्फ टिल्लू पुत्र ओम प्रकाश कोली निवासी इमली मोहल्ला रमपुरा तथा अनिल कोली उर्फ खसूटर पुत्र रामप्रसाद कोली निवासी वार्ड नंबर 23 रमपुरा को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए माल में से कुल 9500 रूपये नकद, एक सोने का मांग टीका, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, एक लॉकेट, दो अंगूठी, तीन जोड़ी पाजेब, एक राखी, एक चांदी की अंगूठी सहित अन्य सामान बरामद कर लिया। इसके साथ दोनों चोरों से चोरी की दो बाइकें भी बरामद की गयी। इनमें से एक बाइक स्पलैंडर बाइक यूके 06एके 0559 रेशमबाड़ी निवासी गौरव पुत्र खजांची की थी जिसे सिटी क्लब से चुराया गया था। जबकि दूसरी बाइक संख्या यूके 04एडी 1991 अनिल कुमार पुत्र शेखर चन्द्र जोशी निवासी दुमका बंगर हल्दूचौड़ लालकुंआ की थी। जिसे चोरों ने पुराने जिला अस्पताल से चोरी किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह नशे के लिए तथा अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी करतेे हैं। पकड़े गये मोहित कोली के खिलाफ रूद्रपुर थाने में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि अनिल कोली के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल विक्रम राठौर एएसएसआई कमल हसन,एसएसआई के0सी0 आर्य, रम्पुरा चौकी प्रभारी अम्बीराम आर्य, उप निरीक्षक विपुल जोशी ,उप निरीक्षक अशोक फर्त्याल, कांस्टेबल अमित जोशी,महेंद्र कुमार आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *