October 22, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अब गदरपुर में खंगाला व्यापारी का घर: लाखों के नगदी जेवर और सामान किया साफ

गदरपुर। जिले में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बेखौफ चोर आये दिन जिले में कही न कहीं चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। चोरों ने अब गदरपुर में एक व्यापारी के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और अन्य सामान साफ कर लिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी है। समाजसेवी जरनैल सिंह काली के भतीजे अमृतपाल सिंह पुत्र सतपाल सिंह का मुख्य मार्ग पर ओम बापू मंदिर के सामने डा. महाजन क्लीनिक के पास जेनीएस किचन के नाम से प्रतिष्ठान है। प्रतिष्ठान के उपर ही उनका निवास है। दो दिन पूर्व अमृतपाल का भाई दुर्घटना में घायल हो गया था जिसके चलते उन्हें रूद्रपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस कारण अमृतपाल सहित घर के लोग रूद्रपुर गये थे। घर में ताला लगा था। अमृत पाल को आस पास के लोगों ने सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा है जिस पर वह घर पहुंचे तो घर की हालत देखकर दंग रह गये। घर की अलमारियों खुली और सामान बिखरा हुआ था। अमृत पाल के मुताबिक चोर घर से लाखों के सोने चांदी के जेवर, नगदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गये। सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश पांडे ने पुलिस टीम के साथ मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आस पास लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि जलद ही घटना का खुलासा कर दिया जायेगा। वहीं चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त करते हुए चोरियों के शीघ्र खुलासे और वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *