November 6, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बैसाखी पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

हरिद्वार (उद संवाददाता)। बैसाखी पर रविवार सुबह से ही हरिद्वार में श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। हर की पैड़ी सहित गंगा घाटों पर देशभर से आए श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा से शांति, समृद्धि और ईश्वर की कृपा की कामना की। गंगा स्नान के विशेष पुण्य के चलते लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 14 जोन और 40 सेक्टर में विभाजित कर व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है। बैसाखी के पर्व और वीकेंड पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने से व्यवस्थाएं पटरी से उतर गईं। हाईवे से लेकर शहर की आंतरिक सड़कों पर लंबा जाम लगा रहा। हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाट सुबह से श्रद्धालुओं से पैक रहे। वाहनों से पार्किंग भी फुल हो गई। अत्यधिक भीड़ उमड़ने से होटल, लॉज और धर्मशालाओं में कमरे फुल रहे। पुलिस द्वारा बैशाखी स्नान पर्व के लिए यातायात प्लान जारी किया गया है। शहर में शनिवार की रात 12 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया। स्नान संपन्न होने तक भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। कन्ट्रोल रुम से सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से मेले पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधि टटोलने के लिए सादे वस्त्रें में भी पुलिसकर्मी रहेंगे मुस्तैद किए गए हैं। बीडीएस एवं डॉग स्क्वॉड निरंतर मेला क्षेत्र में सक्रिय रहकर मेला क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बैसाखी पर्व की बधाई व शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि बैसाखी हर्ष और उल्लास के साथ उत्साह व भाईचारे का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि नई फसल के कटने से जुड़ा यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, किसान व कृषि संस्कृति का भी परिचायक है। यह लोक आस्था एवं समृद्धि का भी प्रतीक है। यह पावन पर्व प्रदेश वासियों के जीवन में सुख व समृद्धि लाए इसकी भी मुख्यमंत्री ने कामना की है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *