August 15, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में फिर हुए दो सड़क हादसेः खाई में गिरी कार और बोलेरो, चार की मौत,12 लोग घायल

श्रीनगर/पौड़ी (उद संवाददाता)। रूद्रप्रयाग में टैंपो ट्रेवलर के नदी में गिरने से हुई कई लोगों की मौत के हादसे को अभी लोग भूल भी नहीं पाये थे कि रविवार को एक और बड़े हादसे से हड़कम्प मच गया। रविवार को दर्दनाक हादसा श्रीनगर में हुआ। यहां खिर्सू कठुली लिंक मोटर मार्ग पर एक कार खाई में गिर गई। हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत की हो गई। जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरा हादसा पौड़ी जिले में हुआ जिसमें बोलेरो खाई में गिरने से दस लोग घायल हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीनगर में कार खिर्सू से कठुली गांव को जा रही थी। तभी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौक पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि वाहन में सात लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति सुरक्षित है और दो घायलों को निकाला गया है। समाचार लिखे जाने तक घटना के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई थी। वहीं रविवार को दूसरा हादसा पौड़ी जिले में हुआ। यहां बीरोंखाल ब्लॉक से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बोलेरो सतपुली में कुल्हाड बैंड के पास 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब छह बजे की है। ग्राम कसानी से कुछ लोग बोलेरो वाहन संख्या यूके 15टीए 0713 पर सवार होकर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। वाहन में अधिकतर महिलाएं शामिल थीं। कुल्हाड़ बैंड के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही मौके पहुंची एसडीआरएफ और सतपुली थाना पुलिस ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर खाई से सभी घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया। हादसे का कारण चालक को झपकी आना माना जा रहा है। घायलों में 26 वर्षीय कीर्ति रावत पुत्री महिपाल सिंह, निवासी ग्राम कसानी, ब्लॉक बीरोंखाल, पौड़ी गढ़वाल,43 वर्षीय भगवंती देवी पत्नी जसपाल सिंह रावत,24 वर्षीय रश्मि पुत्री जसपाल सिंह रावत, 43 वर्षीय सरोजनी देवी पत्नी दिगम्बर रावत, 40 वर्षीय अनीता देवी पत्नी जगबीर सिंह, 46 वर्षीय सूरजपाल सिंह रावत पुत्र बख्तावर सिंह, 75 वर्षीय श्रीमती राधा देवी पत्नी गोवर्धन सिंह, 20 वर्षीय संजय पुत्र चंद्रपाल, 28 वर्षीय सूरज गुसाई पुत्र राजेंद्र सिंह गुसाई, 65 वर्षीय कलावती देवी पत्नी नंदन सिंह आदि शामिल हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *