सीएम धामी ने किया पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का उद्घाटन
हरिद्वार । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का उद्घाटन किया। विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में योग गुरु एवं पतंजलि के संस्थापक स्वामी रामदेव भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धन्वंतरि भगवान की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का दिन बेहद शुभ है और विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम की शुरुआत भारतीय परंपराओं, आयुर्वेद और योग से जुड़ी विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि योग को दुनिया और घर घर तक पहुंचाने में जिन लोगों ने प्रयास किए, उनसे प्रेरणा लेकर भारतीय ज्ञान और परंपराओं को भी जन जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। हमारे पूर्वजों ने जिन परंपराओं और जीवन पद्धतियों को अपनाया, उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव की प्रेरणा से योग घर घर पहुंचा और दुनिया भर में लोगों को स्वस्थ बनाने का कार्य हुआ। इसी प्रकार आचार्य बालकृष्ण ने आयुर्वेद के क्षेत्र में अनेक जड़ी बूटियों की खोज की है और आयुर्वेद के कई ग्रंथ लिखे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार जब आचार्य बालकृष्ण हिमालय में जड़ी बूटियों की खोज के लिए गए, तब उन्हें भी उनके साथ वहां रहने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वे हरिद्वार आते हैं तो यहां आकर अलग प्रकार की ऊर्जा स्वतः प्राप्त होती है। यह सामान्य स्थान नहीं, बल्कि हरि का द्वार और मां गंगा की पावन भूमि है। पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम की शुरुआत द्धषि मुनियों के ज्ञान को आधुनिक युग से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। पतंजलि गुरुकुलम के अनुसार संस्थान भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध है और इसमें पारंपरिक वैदिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा को भी शामिल किया गया है। हरिद्वार गुरुकुलम में कक्षा चार से 12वीं तक की पढ़ाई का उल्लेख संस्थान की वेबसाइट पर किया गया है। कार्यक्रम में स्वामी रामदेव ने कहा कि एलोपैथी की अपनी सीमाएं हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान में लीवर फेलियर के उपचार को लेकर चुनौतियां हैं, जबकि पतंजलि ने इसके लिए आयुर्वेदिक दवाएं विकसित की हैं। स्वामी रामदेव ने दावा किया कि इन दवाओं से लाखों लोगों को लाभ मिला है और कई लोगों को लीवर तथा किडनी प्रत्यारोपण की आवश्यकता से बचाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि एलन मस्क आसमान में दुनिया बसाने का सपना देख सकते हैं और उन्होंने एआई के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि पतंजलि एआई को साधने के साथ आरआई यानी रियल इंटेलिजेंस और एसआई यानी स्पिरिचुअल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है। स्वामी रामदेव ने कहा कि पतंजलि की रनिंग कास्ट पांच हजार करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि आलोचनाओं के बावजूद पतंजलि पांच लाख लोगों को रोजगार दे रहा है और इससे लाखों परिवारों के घरों में खुशियां पहुंच रही हैं।
