October 7, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री धामी ने की प्रधानमंत्री के यशस्वी जीवन की कामना

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया
उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री धामी ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की। सीएम धामी ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा,जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण का काल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में देश को नई दिशा और ऊर्जा देने का कार्य किया है।मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री के दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाए जाने की घोषणा की। साथ ही भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की बात कही। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए अब व्यवस्था को उनके घर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नर सेवा नारायण सेवा के भाव के साथ हर व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की बात कही।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21वीं सदी उत्तराखंड की होगी। उन्होंने प्रदेश में मातृशक्ति को सशक्त करने के लिए लखपति दीदी योजना समेत विभिन्न पहलों का जिक्र किया। सीएम ने दावा किया कि उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं, कांग्रेस ने सीएम के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। विरोध की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने उनके घरों से हिरासत में लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *