October 20, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रेखा आर्या ने SIT को बताए गिरधारी लाल साहू के ठिकाने, वायरल ऑडियो की होगी फॉरेंसिक जांच

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद में जांच तेज हो गई है। एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में गठित 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) ने सोमवार देर शाम मंत्री के बयान दर्ज किए। सूत्रों के अनुसार, मंत्री ने अपने बयान में ऐसे कई ठिकानों का जिक्र किया है, जहां से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य मिल सकते हैं। कुछ गुप्त ठिकानों की जानकारी भी जांच टीम को दिए जाने की बात सामने आई है।

वायरल ऑडियो की होगी फॉरेंसिक जांच

SIT ने मामले से संबंधित वायरल ऑडियो को भी कब्जे में लिया है। इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। ऑडियो को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। मंत्री रेखा आर्या की ओर से इसे मामले से जुड़े आरोपों के संदर्भ में सामने रखा गया है, जबकि गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर ऑडियो को फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार बताया था। उन्होंने मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की थी।

दस्तावेजों और बयानों पर टिकी जांच

जांच टीम अब वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट, कंपनियों से संबंधित दस्तावेजों और मंत्री के बयान के आधार पर साक्ष्य जुटाएगी। इन तथ्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि करने और आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा तय करने में मदद मिलेगी। हालांकि, फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

15 अक्टूबर को दर्ज कराई थी FIR

गौरतलब है कि रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें मारपीट, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, धोखाधड़ी और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंत्री की ओर से यह आरोप भी लगाया गया है कि फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कंपनियों में निदेशक पद से हटा दिया गया। अब SIT की जांच, ऑडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों से मिलने वाले साक्ष्य इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *