निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने किया इस्तीफा देने का ऐलान
देहरादून (उद संवाददाता)। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र की शुरुआत से पहले खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान कर प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने अपने फैसले के पीछे हरिद्वार में किसानों की फसल बर्बाद होने के मुद्दे पर विपक्ष का साथ नहीं मिलने को वजह बताया है। उमेश कुमार का कहना है कि किसानों को नुकसान हुआ, लेकिन उनकी समस्या को लेकर कोई उनके साथ खड़ा नहीं हुआ। उन्होंने इसी नाराजगी के चलते विधायक पद छोड़ने की घोषणा की है। उमेश कुमार ने अपने ऐलान के साथ कांग्रेस और भाजपा, दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से दूरी बनाए रखने का भी संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह न कांग्रेस में जा रहे हैं और न ही भाजपा में शामिल होने की उनकी कोई मंशा है। उनका कहना है कि वह ऐसे नेताओं के समर्थन में नारे नहीं लगा सकते, जो कल तक उनके दरवाजे पर आकर बैठते थे। उनके इस बयान को प्रदेश की राजनीति में दलों के साथ उनके संबंधों और किसानों के मुद्दे पर विपक्ष की भूमिका को लेकर उठे सवालों के रूप में देखा जा रहा है। विधानसभा सत्र से ठीक पहले इस्तीफे की घोषणा को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


