August 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

किडनी की बीमारी से परेशान युवक ने गंगनहर में लगाई छलांग

हरिद्वार (उद संवाददाता)। किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे उत्तर प्रदेश के एक युवक ने सोमवार सुबह गंगनहर में छलांग लगा दी। युवक अपने भाई के साथ उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स जा रहा था। घटना के बाद मौके पर पहुंची कलियर पुलिस और जल पुलिस की टीम ने गोताखोरों की मदद से गंगनहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया, लेकिन दोपहर तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी हेम सिंह उम्र 32 वर्ष पिछले काफी समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित था। सोमवार सुबह वह अपने भाई ओम शंकर के साथ कार से दवाई लेने के लिए ऋषिकेश एम्स जा रहा था। बताया गया कि जैसे ही उनकी कार गंगनहर पटरी स्थित निर्माणाधीन पुल के पास पहुंची तो हेम सिंह ने पेशाब करने की बात कहकर गाड़ी रुकवाई और नीचे उतर गया। बताया गया कि गाड़ी से उतरते ही हेम सिंह अचानक गंगनहर की तेज धारा में कूद गया। भाई ओम शंकर ने उसे बचाने का प्रयास करते हुए शोर मचाया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण हेम सिंह कुछ ही देर में आंखों से ओझल हो गया और बहकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम और जल पुलिस के गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल गंगनहर में सर्च अभियान शुरू कराया। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश लगातार जारी है और परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *