February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी में युवक और युवती की पत्थरों से कुचलकर हत्या

मंडी परिसर के भीतर लहूलुहान हालत में मिलने शव, पुलिस जांच में जुटी
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। बरेली रोड़ पर शहर की गल्ला मंडी परिसर के भीतर एक युवक और युवती के लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आज सुबह सूर्य के उदय होते ही शव दिखने पर क्षेत्र में सनसनी पैदा हो गई और वहां पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रथम दृष्टया दोनों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई। एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संदर्भ में आवश्यक जानकारी ली। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया तथा साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मृतकों की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल से संदिग्ध साक्ष्य और वह पत्थर भी बरामद किया गया है जिससे वार किए जाने की आशंका है। मंडी के व्यापारियों और मजदूरों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। बताया जा रहा है कि मृतक युवक के पास मिले साक्ष्य से उसकी पहचान चम्पावत निवासी होने की संभावना है। जबकि मृतका की पहचान ओखलकांडा निवासी लक्ष्मी के रूप की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *