ईको वाहन खाई में गिरने से महिला की मौत,चार घायल
श्रीनगर (उद संवाददाता)। पौड़ी जनपद के देहलचोरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरा एक मारुति ईको वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 से 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजकर 40 मिनट पर बेलकंडी कोस्यात देहलचोरी के निकट यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस रुद्रप्रयाग की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में 49 वर्षीय अनीता देवी पत्नी शशि राम भट्टð निवासी जाखन अंसल ग्रीन वैली राजपुर रोड देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना में वाहन चालक 24 वर्षीय रोहित थपलियाल पुत्र प्रेमचंद थपलियाल निवासी रतूड़ा, 45 वर्षीय रश्मि देवी पत्नी प्रेमचंद थपलियाल निवासी रतूड़ा, 54 वर्षीय सुधा देवी पत्नी जगदीश प्रसाद निवासी रतूड़ा तथा ग्राम भेंटा देहलचोरी निवासी एक अज्ञात युवती घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
