Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बेकाबू स्कॉर्पियो भीड़ में घुसी, दो बच्चियों समेत तीन गंभीर

रुड़की (उद संवाददाता)। पिरान कलियर में रविवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो भीड़भाड़ वाले इलाके में सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए भीड़ में घुस गई। हादसे में दो मासूम बच्चियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार हादसा इमलीखेड़ा रोड स्थित अब्दाल शाह रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उत्तर प्रदेश नंबर की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से क्षेत्र से गुजर रही थी। भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए भीड़ में घुस गई।हादसे में बिहार निवासी मुख्तार आलम तथा पिरान कलियर निवासी छह वर्षीय साबरीन और 10 वर्षीय शबनम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *