बेकाबू पिकप ने तीन स्कूली छात्रों को रौंदा, एक की मौत
दो छात्र गंभीर, हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
काशीपुर (उद संवाददाता)। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकप ने स्कूल जा रहे तीन स्कूली छात्रों को कुचल दिया। हादसे में 15 वर्षीय छात्र शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक टैंकर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और स्कूल समय में भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। जानकारी के अनुसार दाभोरा टांडा निवासी मनोज सिंह का 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने रिश्ते में चचेरे तहेरे भाइयों वासु और अक्षय के साथ पैदल विद्यालय जा रहा था। तीनों जैसे ही बरखेड़ी मार्ग पर पहुंचे, पीछे से तेज गति से आए सब्जी से भरे पिकप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर दूर तक खून के निशान, छात्र का जूता और अन्य सामान बिखर गया। घटना का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार घायल वासु और अक्षय की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। इधर लोगों को अपनी ओर आता देख टैंकर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर आईटीआई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्कूल खुलने और बंद होने के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जानी चाहिए। उनका आरोप था कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों का संचालन लगातार हो रहा है, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों की जान खतरे में बनी रहती है। लोगों ने सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की भी मांग की। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर किसी तरह जाम खुलवाया और यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मृतक शिवम कुमार अपने पांच भाई बहनों में चौथे नंबर का था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। इकलौते कमाऊ सदस्य के बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
