Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अवैध हथियारों के खिलाफ चला ऊधमसिंह नगर पुलिस का हंटर, 15 दिनों में 64 तस्कर गिरफ्तार

77 से अधिक अवैध शस्त्र और  कारतूस बरामद

रुद्रपुर (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक अभियान चलाया है। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से 12 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चले इस 15 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने जनपद के समस्त थाना क्षेत्रें में सघन चेकिंग और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 59 अभियोग पंजीकृत किए। इस दौरान पुलिस ने 64 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा, जिससे जनपद में होने वाली फायरिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है जिसमें 77 से अधिक अवैध शस्त्र शामिल हैं। बरामदगी के विवरण के अनुसार पुलिस ने 71 अवैध तमंचे, 03 घातक पिस्टल, 02 पंप एक्शन गन, 01 बंदूक (315 बोर), 116 जिंदा कारतूस, 04 खोखा कारतूस और 02 मैगजीन बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर शस्त्र प्रदर्शन के मामले में भी पुलिस ने एक मुकदमा दर्ज कर 01 लाइसेंसी पिस्टल और 06 कारतूस जब्त किए हैं। थानावार कार्यवाही पर नजर डालें तो कोतवाली जसपुर ने सर्वाधिक 09 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 07 तमंचे, 02 पिस्टल और 02 पंप एक्शन गन बरामद की। कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने 04 अभियुक्तों से 11 तमंचे, 01 पिस्टल और 30 कारतूस बरामद किए, जबकि कोतवाली रुद्रपुर ने 07 अभियुक्तों को दबोचकर 10 तमंचे और 22 कारतूस बरामद करने में सफलता पाई। इसी प्रकार कोतवाली बाजपुर ने 07 अभियुक्तों से 01 बंदूक और 06 तमंचे, कोतवाली सितारगंज, काशीपुर और कुंडा ने 05-05 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कुल 15 तमंचे बरामद किए। कोतवाली गदरपुर और खटीमा पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए 04-04 अभियुक्तों को जेल भेजा और 08 तमंचे बरामद किए। अन्य थाना क्षेत्रें जैसे किच्छा, नानकमत्ता, पुलभट्टा, केलाखेड़ा, दिनेशपुर, आईटीआई, पंतनगर और झनकईया में भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए तस्करों को हथियारों के साथ दबोचा गया।  एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पूरे जनपद में अवैध शस्त्रें के निर्माण, तस्करी और भंडारण करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की गई है। इस व्यापक अभियान से अपराधियों के बीच भय का माहौल व्याप्त है। एसएसपी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अवैध शस्त्रें की तस्करी या सार्वजनिक प्रदर्शन से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर साझा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शस्त्र रखना या प्रदर्शित करना एक गंभीर दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी क्योंकि जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *