August 20, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

छेड़छाड़ का मामला रफा दफा करने पर चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ के मामले को कथित तौर पर रुपये लेकर रफा दफा करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई हुई है। शिकायत के अनुसार, छेड़छाड़ के आरोपित चार पर्यटकों को कार्रवाई से बचाने के लिए 18 हजार रुपये लिए गए। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा और कांस्टेबल धमेंद्र साहनी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, बीते दिनों ज्योलीकोट क्षेत्र के ग्रामीणों ने चौकी पुलिस को सूचना दी थी कि स्कार्पियो सवार चार पर्यटकों ने क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से आसपास के थाना क्षेत्रें को जानकारी दी और पर्यटकों के वाहन को रानीबाग के पास पकड़ लिया। आरोप है कि चारों पर्यटकों को ज्योलीकोट चौकी लाने के बाद उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने 18 हजार रुपये लेकर मामले को रफा दफा कर दिया। जब मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद पर्यटकों को 18 हजार रुपये की रकम ऑनलाइन वापस किए जाने की बात सामने आई। रुपयों के लेनदेन की शिकायत और ऑनलाइन भुगतान की जानकारी सामने आने के बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी तक पहुंचा। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा और कांस्टेबल धमेंद्र साहनी को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि महिला से छेड़छाड़ के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय रुपयों के लेनदेन की शिकायत मिली थी। ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से इसकी पुष्टि भी हुई। इसके आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *