September 3, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चंदन तस्करी में दो गिरफ्तार, 1.40 कुंतल लकड़ी बरामद

गौलापार के देवलतल्ला बागजाला क्षेत्र में वन विभाग की छापेमारी, भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। तराई पूर्वी वन प्रभाग की गौला रेंज में वन विभाग ने चंदन तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। टीम ने गौलापार के देवलतल्ला बागजाला क्षेत्र में आरक्षित वन क्षेत्र के आसपास कार्रवाई कर दोनों के ठिकानों से करीब 1.40 कुंतल अवैध चंदन की लकड़ी बरामद की। प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी के निर्देशन में अभियान चलाया गया। बुधवार रात वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवलतल्ला बागजाला क्षेत्र में कुछ लोगों के घरों में भारी मात्र में अवैध चंदन की लकड़ी रखी गई है। सूचना मिलने पर गौला रेंज की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान टीम ने देवलतल्ला बागजाला क्षेत्र में रह रहे बजरिया शेखना, कन्नौज निवासी साहिद तथा सेहरपुर, पीलीभीत निवासी अनीस के घरों पर छापा मारा। दोनों के ठिकानों से कुल 1.40 कुंतल चंदन प्रजाति की अवैध लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग ने बरामद लकड़ी को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया है। गौला रेंजर चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में वन अपराध और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *