Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कल अल्मोड़ा में होगी राहुल गांधी की जनसभा, परिवर्तन का होगा शंखनाद ,कांग्रेस नेताओं ने डेरा डाला

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा : राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन को लेकर कांग्रेस में उत्साह
जनसभा की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर की गई चर्चा 

अल्मोड़ा 3 जून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 जून को प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे और विशाल जनसभा को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जनसभसा की तैयारियों को लेकर कई दिनों से अल्मोड़ा में डेरा डाला हुआ है। इसी क्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने मंगलवार को सिमकानी मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जनसभा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके बाद आयोजित बैठक में जनसभा की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता की आवाज़ को मजबूती से संसद में उठा रहे हैं और उनके उत्तराखंड आगमन को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटा हुआ है उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राहुल गांधी जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और देश की जनता के अधिकारों की आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में परिवर्तन का शंखनाद होगा। देवभूमि उत्तराखंड में उनके आगमन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है तथा बड़ी संख्या में जनता जनसभा में शामिल होगी।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के स्वागत के लिए पूरा प्रदेश तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन एकजुट होकर जनसभा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा है और अल्मोड़ा की यह सभा प्रदेश की राजनीति में एक नया संदेश देने का कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह जनसभा ऐतिहासिक उपस्थिति और जनसमर्थन का नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।उधर जनसभा की तैयारियों के क्रम में चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में जनसभा को सफल बनाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेशभर में उत्साह और उमंग का माहौल है तथा अल्मोड़ा की यह विशाल जनसभा राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *