Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गहरी खाई में गिरा टिप्पर,चालक की मौत

पिथौरागढ़ (उद संवाददाता)। पिथौरागढ़ घाट मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक अनियंत्रित टिप्पर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुँची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने भारी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक टिप्पर संख्या घाट से पिथौरागढ़ की ओर आ रहा था। जैसे ही वाहन गुरना के निकट पहुँचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और टिप्पर सड़क से फिसल कर सीधे गहरी खाई में जा समाया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही ऐंचोली चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक कमलेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुँची।टिप्पर काफी गहरी खाई में गिरा था, जिसके कारण रेस्क्यू टीम को नीचे उतरने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। टीम के सदस्य रस्सियों के सहारे खाई में उतरे, लेकिन तब तक वाहन सवार व्यक्ति दम तोड़ चुका था। पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त अभियान चलाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुँचाया।ऐंचोली चौकी प्रभारी कमलेश जोशी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त केशव सिंह पुत्र धौल सिंह, उम्र लगभग 48 वर्ष, निवासी ढूंगातोली, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *