Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चोरों ने बंद घर खंगाला,लाखों के जेवर व नगदी उड़ाई

रूद्रपुर। पारिवारिक कार्य के लिए परिजनों के साथ बाहर गये व्यक्ति का घर अज्ञात चोरों ने खंगाल कर वहां से लाखों रूपये कीमत के जेवरात, लाखों की नगदी और लाखों कीमत का अन्य सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार को पडा़ेसियों की सूचना पर गृहस्वामी वापस घर लौटे जहां उन्हें भीतर सारा सामान अस्त व्यस्त मिला और अलमारी व बैड़ खुले हुए दिखे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घर का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। आदर्श कालोनी देवी मंदिर के पास के निवासी जावेद पुत्र मसीत खान ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ 11 मई को घर को बंद कर रामपुर में पारिवारिक कार्य के लिए गया था। शुक्रवार को उसके पड़ोसी ने फोन कर पूछा कि माताजी वापस आ गई हैं। घर का दरवाजा खुला हुआ है। जबकि सारा परिवार उसके साथ ही था। जानकारी मिलने पर वह सायंकाल तक घर वापस लौट आया। जावेद ने बताया कि घर आने पर उसने भीतर देखा सारा सामान अस्त व्यस्त बिखरा पड़ा है, अलमारी खुली है और परिजनों के सारे जेवरों के खाली डिब्बे इधर उधर बिखरे हुए हैं। उसका कहना है कि अज्ञात चोर घर से करीब 15 लाख रूपये कीमत के जेवरात, लगभग 1.25 लाख रूपये नगद और एलईडी सहित लाखों रूपये का अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गये हैं। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी भी आ गये। उन्होंने जावेद से मामले की जानकारी ली और घर का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जावेद ने मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *