चोरी का खुलासा,लाखों की नकदी और जेवर बरामद,तीन दबोचे : 500 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद मिली सफलता
,
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। किच्छा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में बंद मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्र में सोने चांदी के आभूषण, नगदी, चोरी में प्रयुक्त सामान और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले का खुलासा एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान किया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 की रात थाना किच्छा क्षेत्र अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए घर में रखे सोने चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली थी। मामले में 20 अप्रैल को राजेंद्र कुमार गोयल की तहरीर के आधार पर थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्रधिकारी के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा विवेचना उपनिरीक्षक जयप्रकाश को सौंपी गई। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने किच्छा, रूद्रपुर, बहेड़ी, बरेली, रामपुर और सितारगंज क्षेत्र के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। लगातार सुरागरसी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। नौ मई को मुखबिर से सूचना मिली कि जिन चोरों की तलाश की जा रही है वे सितारगंज के केशवनगर क्षेत्र में मौजूद हैं, जहां दीपक गुप्ता का नया मकान निर्माणाधीन है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केशवनगर कॉलोनी में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता पुत्र होरीलाल निवासी शिव मंदिर शेरगढ़ बहेड़ी जिला बरेली हाल निवासी केशवनगर कॉलोनी थाना सितारगंज, अकील अहमद पुत्र मुन्ने निवासी इस्लामनगर खटीमा तथा दीपक रस्तोगी उर्फ लîóू पुत्र दीपु रस्तोगी निवासी मोहल्ला शाहजहांपुर थाना शाहजहांपुर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 389 ग्राम सोने के आभूषण, तीन किलो 417 ग्राम चांदी के आभूषण, तीन लाख 485 रुपये की नगदी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, घटना में प्रयुक्त आला नकब, काले रंग की एफजेड यामाहा मोटरसाइकिल, काला बैग, सफेद नीली चौकदार शर्ट और आसमानी सफेद चौकदार तौलिया बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए कुछ जेवर शाहजहांपुर क्षेत्र में सुनारों को बेच दिए गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ टनकपुर, दिनेशपुर, गदरपुर, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, सितारगंज और खटीमा समेत विभिन्न थानों में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अपराध कर आमजन में भय का वातावरण पैदा करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस आधुनिक तकनीक, मजबूत सूचना तंत्र और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अपराधियों को चिन्हित कर कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी ने खुलासे में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश, दीपक जोशी, पवन जोशी, उमेश कुमार, कांस्टेबल उमेश सिंह, ब्रजमोहन, प्रशांत नेगी, कमल चंद्र, यशपाल, भगवत परिहार, पंकज बिनवाल, भूपेंद्र और महिला कांस्टेबल रेखा आर्या शामिल रहीं।
