चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या, सुविधा और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
देहरादून (संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चारधाम यात्रा की प्रगति और व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा से जुड़े सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों, यात्राी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और मौसम संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। बड़ी संख्या में भक्त उत्तराखंड पहुंचकर चारों धामों के दर्शन कर रहे हैं। यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग और आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने मौसम विभाग तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि मौसम में बदलाव की स्थिति में श्रद्धालुओं को समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यात्रा से जुड़े सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

