Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे बदमाश,लाखों की चोरी

बाजपुर। थाना केलाखेड़ा क्षेत्र के ग्राम शोकानगला में मंगलवार देर रात चोरों ने घर में अकेली रह रही वृद्ध महिला के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय महिला घर में सो रही थीं। घटना की जानकारी सुबह होने पर मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फोरेंसिक टीम की मदद लेने के साथ साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। ग्राम शोकानगला निवासी परमजीत कौर पत्नी स्वर्गीय प्रीतपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जुलाई की रात करीब दो बजे अज्ञात चोर घर के पीछे लगी लोहे की ग्रिल और खिड़की तोड़कर मकान के अंदर घुस आए। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पीड़िता के अनुसार चोर करीब तीन तोला सोने के जेवरात, जिनमें एक जोड़ी झुमके और पांच सोने की अंगूठियां शामिल हैं, के अलावा 35 हजार रुपये की नकदी तथा दो सूटकेस चोरी कर ले गए। उन्होंने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता का बेटा अंग्रेज सिंह अपनी पत्नी के साथ इंग्लैंड में रहता है। मां की सुरक्षा के लिए उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए हुए हैं, जिनका नियंत्रण उसके पास विदेश में है। पुलिस परिवार के संपर्क में रहकर सीसीटीवी फुटेज मंगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम की भी सहायता ली जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि घर में वृद्ध महिला की देखभाल और भोजन बनाने के लिए एक महिला कर्मचारी रहती थी, लेकिन मंगलवार को वह अपने घर चली गई थी। उसी रात चोरी की घटना हो गई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि चोर सीधे उसी कमरे तक कैसे पहुंचे, जहां नकदी और जेवरात रखे हुए थे। हाल के दिनों में घर में बोरिंग का कार्य करने वाले लोगों और अन्य संपर्क में आए व्यक्तियों से भी पूछताछ की जाएगी। घटना के बाद परिजनों ने आशंका जताई है कि चोरों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया हो सकता है। उनका कहना है कि परमजीत कौर प्रतिदिन सुबह करीब चार बजे उठकर पूजा पाठ करती हैं, लेकिन घटना वाले दिन उनकी आंख करीब सात बजे खुली और उन्हें शरीर में असामान्य थकान महसूस हो रही थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *