अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण 1872 गरीबों के सपनों का आशियाना बनकर तैयार, जल्द सौंपी जाएगी चाबियां
रूद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे महत्वाकांक्षी योजना के अन्तर्गत हर गरीब और अति निर्धन परिवार को पक्का मकान देने के संकल्प को पूरा किया जा रहा है। इसी क्रम में विधायक शिव अरोरा ने बागवाला स्थित निर्माणाधीन 1872 प्रधानमंत्री आवासों का जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन और उनकी टीम के साथ स्थलीय भ्रमण कर जायजा लिया। इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने बताया कि वर्ष 2023 में उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को बागवाला क्षेत्र में बनाने हेतु जिला विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया था। इसके बाद विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बागवाला क्षेत्र में भूमि चिन्हित कर उसे सबसे उपयुक्त माना गया। भूमि हस्तांतरण से लेकर सभी विधिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद आज रिकॉर्ड ढाई साल के भीतर इस बहुत बड़े प्रोजेक्ट को पूर्ण कर लिया गया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि गरीबों के सपनों का आशियाना अब पूरी तरह बनकर तैयार है। उन्होंने स्वयं 1872 आवासीय ब्लॉकों का निरीक्षण किया, जहाँ पार्क, पार्किंग, फायर सेफ्रटी पाइप लाइन, अंडरग्राउंड वायर और वेस्ट वाटर को रिसायकल करने के लिए एसटीपी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस योजना में अति निर्धन परिवारों की हर सुविधा का ध्यान रखा गया है, जिसमें एक आवास के भीतर एक बेडरूम, किचन, बालकनी, हॉल, शौचालय और बाथरूम अलग अलग बनाए गए हैं। पूरे निर्माण में कंक्रीट और सरिये का उपयोग किया गया है, जिसमें एक भी ईंट का इस्तेमाल नहीं हुआ है। कंक्रीट से तैयार इन आवासों में सीलन या नमी नहीं आएगी और यह भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। विधायक ने आगे बताया कि जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 1872 मकानों का चरणबद्ध रूप से लॉटरी द्वारा पूर्ण पारदर्शिता के साथ आवंटन कर दिया गया है। वर्तमान में कुछ एक दो ब्लॉकों में फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में है, जो जल्द ही पूरा हो जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट कैम्प और रम्पुरा जैसी बस्तियों में रहने वाले अति निर्धन परिवारों का अपने घर का सपना साकार होने जा रहा है। एक भव्य कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इन परिवारों को आशियाने की चाबियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने बताया कि 6 लाख रुपये की लागत से तैयार इस आवास के लिए एक गरीब को मात्र 5000 रुपये का शुल्क देना होगा, जिसमें 3 लाख रुपये की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा दी जाएगी और बाकी की धनराशि बैंक लोन के माध्यम से आसान किश्तों में मकान स्वामी को अदा करनी होगी। विधायक ने कहा कि जब 1872 परिवार एक साथ इस प्रधानमंत्री आवास में आकर रहेंगे, तो उनका यह सपना पूरा होना सरकार की विकासपरक सोच को दर्शाएगा। आज के समय में एक घर की कल्पना करना और उसे पूरा करना बेहद कठिन होता है, मगर मोदी सरकार ने हर गरीब को उसकी छत देने का काम किया है। कम समय में सुविधाओं से पूर्ण इस महत्वाकांक्षी योजना का पूरा होना रुद्रपुर के इतिहास में एक कीर्तिमान है। ऐसा ही कीर्तिमान इस प्रधानमंत्री आवास के पास से जा रही रिंग रोड को रिकॉर्ड समय में पूरा करके बनाया गया है, जो सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति को दिखाता है। इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन, बागवाला झील के ग्राम प्रधान पति प्रमोद कुमार, भगवानपुर के प्रधान विनीत सोलंकी, मटकोटा धर्मपुर के प्रधान दीपक गोस्वामी, अजय वर्मा, अजीत सोलंकी, राजीव शुक्ला, कुलदीप चंद्र, राजेश तिवारी, सुनील सिंह, मयंक कक्कड़, डंम्पी चोपड़ा और नीरज यादव सहित अन्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।
