Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विवाहिता की संदिग्ध मौत,जहर देने का आरोप

नानकमत्ता (उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए जहर देकर हत्या करने की बात कही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिचबा निवासी मोहन सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि मंगलवार की देर रात्रि ग्राम सुनखरी में उसकी बहन प्रियंका पत्नी अनिकेत उम्र 25 वर्ष को उसके ससुराल वालों ने जहर दे दिया है। सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक चंचल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां महिला का शव घर में पड़ा था और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा थी। पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत पर शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई मोहन सिंह ने बताया कि ससुराल के लोग उसकी बहन को काफी समय से परेशान कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका ने मरने से पहले फोन कर उसे जहर खिलाए जाने की सूचना दी थी। जब वे लोग आनन फानन में सुनखरी पहुंचे तो प्रियंका होश में थी और उसने परिजनों को बताया कि ससुराल वालों ने उसे जहर दे दिया है। परिजन उसे तुरंत नानकमत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कोतवाल मंजू पांडे ने बताया कि अभी मामले में कोई ििलखत तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने के बाद पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *