एसएसपी ने सुनी पुलिस पेंशनर्स की समस्याएं
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। पुलिस लाइन में पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं और सुझावों के लिए गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी में एसएसपी मणिकांत मिश्रा पुलिस पेंशनर्स से रुबरु होते हुए समस्याओं को सुना। गोष्ठी में जनपद के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। एसएसपी ने कहा कि पुलिस और पुलिस पेंशनर्स एक ही परिवार के सदस्य हैं। उनके सुख-दुख में शामिल होना और उनकी समस्याओं का समाधान करना हमारी प्राथमिकता है। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी,कर्मचारियों को एक मंच पर लाना, सभी को एक परिवार के रूप में जोड़ना तथा हर परिस्थिति में सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा।इसके साथ ही, एसएसपी ने सेवानिवृत्त कर्मियों को नशा उन्मूलन जैसे सामाजिक सुधार अभियानों में सक्रिय सहयोग के लिए प्रेरित किया। पुलिस पेंशनर्स द्वारा विभिन्न व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं विभागीय समस्याओं को रखा गया। जिन्हें एसएसपी ने गंभीरता से सुना और तत्काल संज्ञान लेकर निराकरण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप ग्रुप का गठन किया गया। जिसमें जनपद के सभी पुलिस पेंशनर्स एवं उनके आश्रितों के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें वे अपनी समस्या, शिकायत या सुझाव भेज सकेंगे। इन पर तुरंत संज्ञान लेकर समाधान किया जाएगा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र की सीएलजी (सामुदायिक सम्पर्क समूह) मीटिंग में पुलिस पेंशनर्स को सम्मिलित किया जाए, ताकि वे सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहें।एसएसपी ने एएसपी संचार को निर्देशित किया कि जनपद में निवासरत प्रत्येक पुलिस पेंशनर एवं उनके आश्रितों का पूर्ण विवरण नाम, पता, मोबाइल नंबर आदि एकत्र कर सूची अद्यावधिक करें। उन्होंने कहा कि पुलिस पेंशनर्स हमारे पुलिस परिवार का अभिन्न अंग हैं।
