Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

एसएसपी ने कोतवाली कुंडा और चार पुलिस चौकियों का किया औचक निरीक्षण

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार को कोतवाली कुंडा का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली, लंबित विवेचनाओं और जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विवेचकों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कोतवाली कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात और मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, परिसर की स्वच्छता तथा शस्त्रों के सुरक्षित संरक्षण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मियों को कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने को कहा। एसएसपी ने कोतवाली कुंडा के अंतर्गत आने वाली चौकी मंडी, चौकी गढ़ीनेगी, चौकी सूर्या और चौकी शिवराजपुर पट्टðी का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौकियों की सुरक्षा व्यवस्था, कार्यप्रणाली और वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कोतवाली और चौकियों में तैनात सभी विवेचकों का ऑर्डरली रूम लिया गया। इस दौरान लंबित विवेचनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए प्रत्येक विवेचक को साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने के निर्देश दिए गए। गंभीर प्रकृति के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर भी जोर दिया गया। अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि विवेचनाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता बनाए रखना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। आम जनता को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *